भारतीय जनता पार्टी के श्री कनकमल कटारा
3 लाख 6 हजार 118 मतों से विजयी घोषित
बांसवाड़ा, 23 मई/ लोकसभा आम चुनाव 2019 के तहत गुरुवार को बांसवाड़ा-20 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए गोविन्द गुरु राजकीय महाविद्यालय में हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के कनकमल कटारा निर्वाचित घोषित किए गए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी इंडियन नेशनल कांग्रेस के ताराचंद भगोरा को 3 लाख 6 हजार 118 मतों से पराजित किया।
रिटर्निंग अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता के निर्देशन में हुई मतगणना में विजयी उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी के कनकमल कटारा को कुल 7 लाख 12 हजार 734 मत मिले, जिसमें से 1 हजार 25 पोस्टल बैलेट तथा 7 लाख 11 हजार 709 ईवीएम से मत प्राप्त हुए। इसी तरह निकटतम प्रतिद्वंद्वी इंडियन नेशनल कांग्रेस के ताराचंद भगोरा को कुल 4 लाख 6 हजार 616 मत मिले, जिसमें पोस्टल बैलेट में 371 मत तथा ईवीएम से 4 लाख 6 हजार 245 मत प्राप्त हुए।
इसी तरह बहुजन समाजवादी पार्टी के बापुलाल को कुल 26 हजार 175 मत प्राप्त हुए, जिसमें से 3 मत पोस्टल बैलेट में तथा 26 हजार 172 मत ईवीएम से प्राप्त हुए। मतगणना में भारतीय ट्रायबल पार्टी के कांतिलाल रोत को कुल 2 लाख 51 हजार 558 मत प्राप्त हुए, जिसमें से 797 पोस्टल बैलेट में तथा 2 लाख 50 हजार 761 ईवीएम से प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी नितेश डामोर को कुल 14 हजार 822 मत मिले। इन्हें पोस्टल बैलेट में एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ।
मतगणना में कुल 29 हजार 967 मत नोटा के खाते में दर्ज किए गए जिसमें से ईवीएम के द्वारा 29 हजार 962 तथा पोस्टल बैलेट के द्वारा 5 मतदाताओं ने नोटा के प्रति अपना समर्थना जताया।
पोस्टल बैलेट में 438 मत हुए निरस्त
लोकसभा आम चुनाव 2019 के तहत हुए मतदान में कुल 2 हजार 634 पोस्टल बैलेट के द्वारा मतदान किया गया, जिसमें से 2 हजार 196 मत वैध पाये गए जबकि 438 वोट निरस्त किए गए।
![]() |
| नवनिर्वाचित सांसद श्री कनकमल कटारा को प्रमाण पत्र प्रदान करते रिटर्निंग अधिकारी आशीष गुप्ता। |
लोकसभा आम चुनाव 2019
नवनिर्वाचित सांसद श्री कनकमल कटारा का जीवन परिचय
बांसवाड़ा, 23 मई/ लोकसभा आम चुनाव के तहत संसदीय क्षेत्र बांसवाड़ा, अजजा (20) पर भारतीय जनता पार्टी के श्री कनकमल कटारा ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के श्री ताराचन्द भगोरा को 3 लाख 4 हजार 810 मतों से पराजित किया।
श्री कटारा का जन्म 4 मई, 1957 को हुआ था। इनके पिता का नाम नगजी कटारा और माता का नाम खातरी देवी है। मूल रूप से सागवाड़ा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भीलूड़ा के फलातेड़ गांव निवासी कटारा ने बीए, बीएड तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 1980 में राजकीय सेवा में आकर बतौर शिक्षक सेवाएं दी। इसके साथ ही उन्होंनंे विद्या निकेतन विद्यालय में भी लंबे समय तक सेवाएं दी।
कटारा ने 1990 में राजनीति में प्रवेश लेकर वर्ष 1990, 1993, 1998, 1999 व 2002 में विधानसभा चुनाव लड़ा। पहली बार 2002 के सागवाड़ा उपचुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद वर्ष 2003 में सागवाड़ा विधानसभा से जीतकर विधायक चुने गए व जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री बने। श्री कटारा इससे पूर्व 1994 से 2000 तक राज्यसभा सांसद भी निर्वाचित हुए।
![]() |
| श्री कनकमल कटारा |
-----------
इलेक्शन ब्लॉग ने दी मतगणना की पल-पल की जानकारी
जिलेभर में ब्लॉग की अपडेट जानकारी के प्रति उत्साह
एक लाख से अधिक हिट
बांसवाड़ा, 23 मई/ लोकसभा आम चुनाव के तहत गुरुवार को संसदीय क्षेत्र बांसवाड़ा के लिए गोविंद गुरु कॉलेज में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के अपडेट प्रसारण के लिए मीडिया प्रकोष्ठ की तैयारियों का जिलेवासियों ने उत्साह के साथ लाभ उठाया। मतगणना के शुरूआती तीन घंटों के भीतर ही पचास हजार से अधिक तथा शाम तक एक लाख से अधिक क्लिक ने इस ब्लॉग के अपडेट परिणामों की महत्ता को उजागर कर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने बताया कि विधानसभा चुनाव की भांति ही मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी व जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा के निर्देशन में तैयार किए गए इलेक्शन ब्लॉग पर राउंडवार मतगणना परिणामों का प्रसारण सुबह आठ बजे से ही जारी रहा। उन्होंने बताया कि इसके लिए मीडिया प्रकोष्ठ में आईटी एक्सपर्ट्स कार्मिक भंवरलाल गर्ग, अमित शाह, राजेन्द्र जैन, आदित्य पंवार, रणधीर व्यास, वैभव शर्मा, कुणाल आचार्य की टीम ने गोविंद गुरु राजकीय महाविद्यालय में होेने वाली मतगणना के विधानसभावार और राउण्डवार परिणामों व रूझानों को प्रसारित आकर्षक ढंग से न सिर्फ प्रसारित किया वरन इसके लिंक को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल भी किया।
एक लाख पार हुआ ब्लॉग:
इलेक्शन ब्लॉग पर अपडेट परिणामों का जिले व सात समंदर पार भी लाभ लिया गया। मतगणना शुरू होने के बाद ब्लॉग के व्यूवर्स का आंकड़ा लगातार बढ़ता रहा। ब्लॉग पर प्रसारित परिणामों का मीडियाकर्मियों के साथ जिलेवासियों व सात समंदर पार प्रवासी भारतीयों ने भी जानकारी प्राप्त की। इसके तहत भारत से 98 हजार 811, कुवैत से 2 हजार 41, युनाईटेड स्टेट में 157, सउदी अरब में 60, किर्गीस्तान में 39, बेहरिन में 27, युनाईटेड अरब अमीरात में 27, जर्मनी में 10, कनाडा में 9 तथा अन्य देशों में 504 लोगों ने क्लिक किया व जानकारी हासिल की।
मीडिया को मिला 16 पृष्ठों में समाया सूचना संसार:
मतगणना के कवरेज के लिए पहुंचने वाले बांसवाड़ा, डूंगरपुर व जयपुर के मीडियाकर्मियों के लिए मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा 16 पृष्ठों की विशेष संदर्भ पुस्तिका तैयार की गई थी। इस पुस्तिका में मतगणना के दौरान विधानसभावार व राउण्डवार मतगणना परिणामों के लिए कॉलम तैयार किए गए हैं वहीं इसमें 1952 से लेकर 2014 तक के मतगणना परिणामों की भी विस्तार से जानकारी दी गई हैं।
![]() |
| बांसवाड़ा इलेक्शन ब्लॉग पर विदेशों में दर्शकों की संख्या। |
---------


