मतदाता अपना मतदान केन्द्र देखें

Sunday, September 30, 2018

लोकतंत्र के सजग व सतर्क प्रहरी की भूमिका निभावें - कलक्टर

विधानसभा आम चुनाव 2018
एरिया व सेक्टर मजिस्ट्रेट्स का प्रशिक्षण संपन्न 
बांसवाड़ा---- जिला निर्वाचन अधिकारी(कलक्टर) भगवती प्रसाद ने विधानसभा आम चुनाव 2018 से जुड़े समस्त विभागीय, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से आह्वान किया है कि वे निर्वाचन आयोग की मंशाओं के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया में दिए गए दायित्वों का पूरी सतर्कता व गंभीरता से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र के सजग व सतर्क प्रहरी की भूमिका को साकार करें। 
कलक्टर प्रसाद शनिवार को यहां न्यू लुक सेन्ट्रल स्कूल, लोधा के सभाकक्ष में जिले में विधानसभा चुनाव के लिए नियुक्त 14 एरिया मजिस्ट्रेट, 169 सेक्टर मजिस्ट्रेट्स व पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे।  
इस मौके पर उन्होंने कहा कि नियुक्त समस्त अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की घोषणा होते ही फिल्ड में भ्रमण करना प्रारंभ करें तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के संपादन के लिए आवश्यक सूचनाओं को संकलित करते हुए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के माध्यम से निर्वाचन कार्यालय को पहुंचावें ताकि उन पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्वाचन की गंभीरता को समझने तथा आदर्श आचार संहिता की अनुपालना करने सहित आयोग की अपेक्षाओं व प्रावधानों की अनुपालना के काम को पूरी जिम्मेदारी से करने के भी निर्देश दिए। 
प्रशिक्षण कार्यक्रम को जिला पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने भी संबोधित किया और स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को संपादित कराने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका को उजागर किया और आह्वान किया कि वे समन्वय स्थापित करते हुए सूचनाओं को त्वरित आदान प्रदान करें व पूरी तरह सतर्क होकर अपने दायित्वों को पूर्ण करें। उन्होंने चुनाव के कानूनी प्रावधानों और आरपी एक्ट की भी जानकारी दी।
आज यहां हुए प्रशिक्षण के तहत प्रथम सत्र में निर्वाचन प्रक्रियाओं का सघन सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया वहीं द्वितीय सत्र में ईवीएम व वीवीपेट मशीन के संचालन का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया। संपूर्ण प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स विमल चौबीसा, अनन्त जोशी, अनिल स्वर्णकार, जयकुमार भट्ट, जयप्रकाश नागर, संजय गोयल, गजेन्द्र आचार्य व दिनेश त्रिवेदी के द्वारा दिया गया । 
ईवीएम व वीवीपेट की कार्यप्रणाली समझें: 
कलक्टर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समस्त अधिकारियों को ईवीएम व वीवीपेट की कार्यप्रणाली को समझने का आह्वान किया और अपने क्षेत्रीय भ्रमण में जनमानस में इस संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर रखी गई ईवीएम व वीवीपेट के माध्यम से प्रशिक्षणदलों को दी जाने वाली जानकारियों के बारे में भी स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी भूपेश पण्ड्या, निर्वाचन अनुभाग के देवीलाल गर्ग तथा प्रशिक्षण प्रभारी विमल चौबीसा से जानकारी ली तथा कहा कि निर्वाचन  प्रक्रिया से जुड़ा हर अधिकारी-कर्मचारी ईवीएम व वीवीपेट की कार्यप्रणाली से भलीभांति अवगत हो यह सुनिश्चित किया जावें। 






Friday, September 28, 2018

स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन ही प्रशासन की प्राथमिकता

विधानसभा आम चुनाव 2018
स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन ही प्रशासन की प्राथमिकता - कलक्टर
बांसवाडा, 27 सितम्बर - - - जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद ने कहा है कि विधानसभा आम चुनाव 2018 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपादित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए समस्त विभागीय अधिकारी प्रतिबद्ध हैं।   
जिला कलक्टर गुरुवार को मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के संबंध में आयोजित मीडियाकर्मियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। 
जिले में कुल 12 लाख 26 हजार 441 मतदाता: 
कलक्टर ने बताया कि जिले की 1 जनवरी, 2018 के अनुसार वयस्क व्यक्तियों की अनुमानित जनसंख्या  12 लाख 41 हजार 172 है जबकि अपडेट मतदाता सूची के अनुसार जिले में 12 लाख 26 हजार 441 मतदाता हैं। उन्होंने शेष योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में जुड़वाने के कार्य में मीडियाकर्मियों से सहयोग की अपील की है।  
33 हजार 222 नए मतदाता जुड़े: 
कलक्टर भगवती प्रसाद ने बताया कि जिले में मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों को अपडेट करने का कार्य किया गया और इसके तहत 33 हजार 222 नवीन मतदाता जुड़े हैं जबकि दोहरी प्रविष्टियों और स्थानांतरित श्रेणी के 36 हजार 662 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए एक-एक मतदाता का वेरिफिकेशन करते हुए सूचियों को अपडेट किया गया है अब इन मतदाता सूचियों को 28 सितंबर को ऑनलाईन अपलोड कर दिया जाएगा। 
मतदाता लिंगानुपात सुखद:
कलक्टर ने बताया कि जिले में 1 जनवरी 2018 के अनुसार लिंगानुपात 976 है जबकि वर्तमान मतदाता सूची में लिंगानुपात 985 है जो सुखद है। उन्होंने जिले में प्रति 1000 व्यक्तियों पर मतदाताओं का प्रस्तावित अनुपात 586 है जबकि मतदाता सूची के अनुसार यह अनुपात 580 है।  
स्वीप से कर रहे मतदाताओं को जागरूक: 
कलक्टर ने बताया कि जिले में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत 5 रथ भ्रमण कर रहे हैं और अब तक इनके द्वारा 500 से अधिक बूथों को कवर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इन रथों को 3 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं तथा इनमें स्थित ईवीएम व वीवीपेट से 20 हजार लोगों ने खुद मतदान कर प्रक्रिया जानी है। उन्होंने जिले में पीईईओ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लेपटॉप तथा अपने जेब में मौजूद स्मार्ट फोन/टेबलेट के माध्यम से ईवीएम और वीवीपेट की कार्यप्रणाली के बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई फिल्म को बताए जाने के बारे में भी जानकारी दी। 
--------







Thursday, September 27, 2018

बांसवाड़ा में ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम परवान पर

मतदाता जागरूकता के लिए गांव-गांव हुई बैठकें
बांसवाड़ा में ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम परवान पर
उत्साह के साथ हुए आयोजन में उमड़े ग्रामीण   
बांसवाड़ा, 26 सितंबर/ आदिवासी अंचल में मतदाताओं को जागरूक कर अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित करने व नैतिक मतदान का संदेश प्रतिध्वनित करने की मंशा से बुधवार को दूसरे चरण में जिलेभर में ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम के तहत बैठकें उत्साहभरे माहौल में आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद की पहल पर नवाचार के रूप में जिले की 346 ग्राम पंचायतों में हुई इन बैठकों में आज गांव-ढाणियों तक वीवीपेट और ईवीएम की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए जन-जन को मतदान करने की अपील की गई । 
जिला प्रशासन ने ‘जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा प्र्रत्येक बुधवार आयोजित होने वाली अलख व पुकार कार्यक्रम की इन बैठकों में संबंधित पीईईओ के साथ ही बीएलओ और संबंधित ग्राम पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के संस्थाप्रधानों व अन्य शिक्षकों ने जहां ग्रामीणों को विद्यार्थियों की शैक्षिक व स्वास्थ्य स्तर संबंधित जानकारी दी वहीं निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में मतदाताओं को जागरूक करने की मुहिम के पीछे छिपे उद्देश्य के बारे में भी बताया और स्वविवेक से मतदान की अपील की।  
उत्सवी माहौल में जन-जन तक, मत की बात पहुंचाई गई और लोगों को एक-एक वोट का महत्व बताया गया तथा बिना भय या प्रलोभन के मतदान करने की जरूरत के संबंध में भी चर्चा की गई। इन बैठकों में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी मतदान के महत्त्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कई गांवों में पीईईओ ने लेपटॉप तथा अपने जेब में मौजूद स्मार्ट फोन/टेबलेट के माध्यम से ईवीएम और वीवीपेट की कार्यप्रणाली के बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई फिल्म को बताया गया। ग्रामीण भी लेपटॉप व स्मार्टफोन पर फिल्म के रूप में मतदान करने की स्मार्ट प्रणाली को देख खुश हुए और उन्होंने मौजूद कार्मिकों से अपनी शंकाओं का भी समाधान किया। 
पादरपाड़ा गांव में उमड़ा अनूठा उत्साह: 
प्रशासन के अभियान के तहत बुधवार को आयोजित हुई बैठकों के तहत जिले के बागीदौरा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोड़ीगामा के पादरपाड़ा गांव में ‘जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सूरज पाटीदार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। यहां पर अलख व पुकार बैठकों के साथ इस कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों को जब ईवीएम और वीवीपेट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी तो लोगों ने उत्साह से इसे सुना। मुख्य अतिथि पाटीदार ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक-एक मतदाता को मतधिकार का उपयोग करने की अपील की तथा बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को संपादित करवाया जा रहा है। उन्होंने ईवीएम के किसी भी अन्य माध्यम से कनेक्ट नहीं हो पाने की भी जानकारी दी तथा कहा कि इस बार आयोग द्वारा वीवीपेट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को और भी अधिक पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की भी अपील की। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजीव जुआ, मुकेश कुमार, नाथजी पाटीदार और बीएलओ दीपसिंह के साथ कई शिक्षकों ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। 
20 हजार लोगों तक पहुंचा संदेश:
कलक्टर ने बताया कि कम साक्षरता दर वाले बांसवाड़ा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्वाचन विभाग की बात पहुंचाने की चुनौती को पार पाने के लिए अब इस कारगर उपाय पर काम किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दूसरे चरण में दुर्गम स्थानों पर रहने वाले या कम पढ़े लिखे लोग अपने विवेक से मतदान की प्रक्रिया में शामिल हो, इस लक्ष्य को इन बैठकों के माध्यम से पूरा किया गया। इस बैठक में करीब 20 हजार लोगों तक यह संदेश पहुंचा है और निर्वाचन आयोग की मंशाओं को पूर्ण करने की दृष्टि से अभियान रूप में यह क्रम हर सप्ताह जारी रहेगा।
-------







बड़ोदिया में सृजन गणेश ने दिया संदेश, ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’

बड़ोदिया में सृजन गणेश ने दिया संदेश, ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’
बांसवाड़ा, 22 सितंबर/ मतदाता जागरूकता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ोदिया गांव के सृजन गणेश के पण्डाल से शुक्रवार रात ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ का संदेश गुंजायमान रहा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पहल पर बड़ोदिया कस्बे के नई आबादी की स्वस्तिक कॉलोनी में सृजन युवा गणेश समिति द्वारा स्थापित श्री सृजन गणेश प्रतिमा के सम्मुख छप्पन भोग लगाया गया था जिसके बीच में बड़े से बैनर पर ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ की इबारत अंकित की गई
थी। इस दौरान छप्पन भोग के बाद हुई महाआरती में छोटे-छोटे बच्चों ने आरती के थाल के साथ ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ का उद्घोष लगाते हुए लोकतंत्र में एक-एक मत की महत्ता को उद्घाटित किया। महाआरती के दौरान यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस ईबारत को स्थापित करने के बारे में चर्चा की। इस मौके पर सभी लोगों को लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दृष्टि से आगामी विधानसभा चुनावों में स्वविवेक से मतदान करने की भी अपील की गई।
       आरंभ में सृजन युवा गणेश समिति के मुदित जोशी ने सभी का स्वागत किया और गणेशोत्सव के साथ-साथ लोकतंत्र के उत्सव में भी उत्साह से हिस्सा लेने की अपील की। इस मौके पर काष्ठ शिल्पकार लीलाराम शर्मा, रणछोड़ पाटीदार, वालेंगभाई, जयप्रकाश जोशी, दिनेश पाठक, प्रकाश पाठक, दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे। छप्पन भोग, झांकी व महाआरती में जनक सोनी, रूपजी, लोकेश पाठक, जयेश जोशी, मोहित पाठक, भव्य, हिमालय आदि के साथ स्वस्तिक कॉलोनी महिला मण्डल ने सहयोग किया। अंत में जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने मौजूद लोगों को मतदाता जागरूकता की दृष्टि से की गई इस पहल के लिए जिला प्रशासन की ओर से आभार जताया।