मतदाता अपना मतदान केन्द्र देखें

Friday, September 28, 2018

स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन ही प्रशासन की प्राथमिकता

विधानसभा आम चुनाव 2018
स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन ही प्रशासन की प्राथमिकता - कलक्टर
बांसवाडा, 27 सितम्बर - - - जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद ने कहा है कि विधानसभा आम चुनाव 2018 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपादित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए समस्त विभागीय अधिकारी प्रतिबद्ध हैं।   
जिला कलक्टर गुरुवार को मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के संबंध में आयोजित मीडियाकर्मियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। 
जिले में कुल 12 लाख 26 हजार 441 मतदाता: 
कलक्टर ने बताया कि जिले की 1 जनवरी, 2018 के अनुसार वयस्क व्यक्तियों की अनुमानित जनसंख्या  12 लाख 41 हजार 172 है जबकि अपडेट मतदाता सूची के अनुसार जिले में 12 लाख 26 हजार 441 मतदाता हैं। उन्होंने शेष योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में जुड़वाने के कार्य में मीडियाकर्मियों से सहयोग की अपील की है।  
33 हजार 222 नए मतदाता जुड़े: 
कलक्टर भगवती प्रसाद ने बताया कि जिले में मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों को अपडेट करने का कार्य किया गया और इसके तहत 33 हजार 222 नवीन मतदाता जुड़े हैं जबकि दोहरी प्रविष्टियों और स्थानांतरित श्रेणी के 36 हजार 662 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए एक-एक मतदाता का वेरिफिकेशन करते हुए सूचियों को अपडेट किया गया है अब इन मतदाता सूचियों को 28 सितंबर को ऑनलाईन अपलोड कर दिया जाएगा। 
मतदाता लिंगानुपात सुखद:
कलक्टर ने बताया कि जिले में 1 जनवरी 2018 के अनुसार लिंगानुपात 976 है जबकि वर्तमान मतदाता सूची में लिंगानुपात 985 है जो सुखद है। उन्होंने जिले में प्रति 1000 व्यक्तियों पर मतदाताओं का प्रस्तावित अनुपात 586 है जबकि मतदाता सूची के अनुसार यह अनुपात 580 है।  
स्वीप से कर रहे मतदाताओं को जागरूक: 
कलक्टर ने बताया कि जिले में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत 5 रथ भ्रमण कर रहे हैं और अब तक इनके द्वारा 500 से अधिक बूथों को कवर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इन रथों को 3 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं तथा इनमें स्थित ईवीएम व वीवीपेट से 20 हजार लोगों ने खुद मतदान कर प्रक्रिया जानी है। उन्होंने जिले में पीईईओ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लेपटॉप तथा अपने जेब में मौजूद स्मार्ट फोन/टेबलेट के माध्यम से ईवीएम और वीवीपेट की कार्यप्रणाली के बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई फिल्म को बताए जाने के बारे में भी जानकारी दी। 
--------