बड़ोदिया में सृजन गणेश ने दिया संदेश, ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’
बांसवाड़ा, 22 सितंबर/ मतदाता जागरूकता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ोदिया गांव के सृजन गणेश के पण्डाल से शुक्रवार रात ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ का संदेश गुंजायमान रहा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पहल पर बड़ोदिया कस्बे के नई आबादी की स्वस्तिक कॉलोनी में सृजन युवा गणेश समिति द्वारा स्थापित श्री सृजन गणेश प्रतिमा के सम्मुख छप्पन भोग लगाया गया था जिसके बीच में बड़े से बैनर पर ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ की इबारत अंकित की गई
थी। इस दौरान छप्पन भोग के बाद हुई महाआरती में छोटे-छोटे बच्चों ने आरती के थाल के साथ ‘म्हारो कैणो, वोट दैणो’ का उद्घोष लगाते हुए लोकतंत्र में एक-एक मत की महत्ता को उद्घाटित किया। महाआरती के दौरान यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस ईबारत को स्थापित करने के बारे में चर्चा की। इस मौके पर सभी लोगों को लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दृष्टि से आगामी विधानसभा चुनावों में स्वविवेक से मतदान करने की भी अपील की गई।
आरंभ में सृजन युवा गणेश समिति के मुदित जोशी ने सभी का स्वागत किया और गणेशोत्सव के साथ-साथ लोकतंत्र के उत्सव में भी उत्साह से हिस्सा लेने की अपील की। इस मौके पर काष्ठ शिल्पकार लीलाराम शर्मा, रणछोड़ पाटीदार, वालेंगभाई, जयप्रकाश जोशी, दिनेश पाठक, प्रकाश पाठक, दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे। छप्पन भोग, झांकी व महाआरती में जनक सोनी, रूपजी, लोकेश पाठक, जयेश जोशी, मोहित पाठक, भव्य, हिमालय आदि के साथ स्वस्तिक कॉलोनी महिला मण्डल ने सहयोग किया। अंत में जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने मौजूद लोगों को मतदाता जागरूकता की दृष्टि से की गई इस पहल के लिए जिला प्रशासन की ओर से आभार जताया।




