मतदाता अपना मतदान केन्द्र देखें

Saturday, April 06, 2019

कलक्टर ने ब्लॉक स्तर पर स्वीप गतिविधियों के संबंध में दिए निर्देश


न्यूनतम वोटिंग वाले बूथों पर फोकस करें मतदाता जागरूकता गतिविधियां  

बांसवाड़ा, 5 अप्रेल/जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने लोकसभा आम चुनाव के तहत जिले में चलाई जा रही मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन की दृष्टि से समस्त उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों व विकास अधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए है और इन गतिविधियों को न्यूनतम वोटिंग वाले पोलिंग बूथों वाले क्षेत्रों पर फोकस करने के निर्देश दिए हैं।  
कलक्टर गुप्ता ने बताया कि जिले में मतदाता जागरूकता के लिए समस्त विकास अधिकारियों को स्वीप का ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी बना रखा है और उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता गतिविधियांें को गति प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया है। 

उन्होंने कहा है कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनावी पाठशालाओं के आयोजन की गतिविधियां प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर गठित मतदाता जागरूकता क्लब के माध्यम से की जावें। इन क्लब में संबंधित ग्राम पंचायत का बीएलओ, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता एएनएम, आशा सहयोगिनी और कक्षा 9 से 12 के बच्चे सदस्य हैं। कलक्टर ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों व बड़े गांवों मंे इनका आयोजन सुनिश्चित करवाते हुए इस कार्यालय को चुनावी पाठशाला के आयोजन की रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा है।   

कलक्टर ने समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर अथवा अपने क्षेत्र के बड़े कस्बे के मुख्य बस स्टेण्ड या अन्य सार्वजनिक स्थान पर ‘सेल्फी विथ गोटियो’ अभियान के तहत सेल्फी स्टेण्ड स्थापित करने और अधिकाधिक लोगों को इससे सेल्फी लेने पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। 

कलक्टर ने समस्त अधिकारियों को उनकेे क्षेत्र में न्यूनतम मतदान वाले पोलिंग बूथों की सूची प्रेषित करते हुए कहा है कि वे संबंधित सूची का अवलोकन करें और मतदाता जागरूकता गतिविधियों को इन केन्द्रों पर फोकस करें। वे स्वयं इन बूथों की विजीट करें, ग्रामीणों से संवाद करें व यहां पर अधिकाधिक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए मतदान के लिए प्रेरित करें। कलक्टर ने स्थानीय भामाशाहों व स्वयंसेवी संस्थाओं को प्रेरित करते हुए क्षेत्र में मतदाता जागरूकता से संबंधित हॉर्डिंग, पेम्पलेट, पोस्टर आदि लगवाने, वॉल पेंटिंग करवाने तथा नुक्कड नाटक के आयोजन की व्यवस्था करने को भी कहा है। 

--------------------
लोकसभा आम चुनाव 2019
चुनावी पाठशालाओं के आयोजन के लिए पीईईओ नोडल अधिकारी नियुक्त

बांसवाड़ा, 5 अप्रेल/जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने लोकसभा आम चुनाव के तहत मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने को प्रेरित करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिलेभर में चुनावी पाठशालाओं के आयोजन के लिए संबंधित ग्राम पंचायत के पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। 
इस संबंध में उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि चुनावी पाठशाला के तहत मतदाताओं को सहज एवं सुगम मतदान प्रक्रिया की जानकारी सरलतापूर्वक दी जानी है और इस आयोजन को प्रभावी तरीके से संपादित करने के लिए पीईईओ को यह जिम्मेदारी दी है। 

चुनावी पाठशाला में यह गतिविधियां होंगी:

कलक्टर ने बताया कि चुनावी पाठशाला में मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा आम मतदाताओं तथा दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए दी जाने वाली समस्त प्रकार की सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी तथा अनिवार्य रुप मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसमें आमजन को ईवीएम व वीवीपेट मशीनों की जानकारी प्रदान करने वाले बड़े पोस्टर्स लगाकर समझाया जाएगा। मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपेट मशीन से मतदान (मॉकपोल) करवाकर मतदान की सुगम प्रक्रिया का समझाया जाएगा। 
इसी प्रकार निर्वाचन आयोग तथा स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा तैयार की गई लघुफिल्मों द्वारा वीवीपेट व ईवीएम मशीन की जानकारी प्रदान की जाएगी। जिन स्थान पर लघुफिल्मों का प्रदर्शन संभव न हो वहां पर चुनाव पाठशाला कीट से खेल खेलाकर मतदान प्रक्रिया का समझाया जाएगा। नैतिक व अनिवार्य मतदान संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। 

आयोजन समिति में ये हैं सदस्य:

चुनावी पाठशाला की समस्त गतिविधियां प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर गठित मतदाता जागरूकता क्लब के माध्यम से की जाएंगी। इन क्लब में संबंधित ग्राम पंचायत का बीएलओ, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता एएनएम, आशा सहयोगिनी और कक्षा 9 से 12 के बच्चे सदस्य हैं।  

20 अप्रेल तक रिपोर्ट करने के निर्देश:

कलक्टर ने बताया कि इस संबंध में संपादित की जाने वाली समस्त गतिविधियों की मॉनिटरिंग उपखण्ड अधिकारी के स्तर पर भी की जाएगी अतः पीईईओ के माध्यम से 20 अप्रेल, 2019 तक चुनावी पाठशालाओं का अनिवार्य रूप से आयोजन सुनिश्चित करवाया जाए तथा निर्धारित प्रारूप में इस आयोजन की रिपोर्ट स्वीप प्रकोष्ठ के ईमेल आईडी पर मय फोटोग्राफ्स अनिवार्य रूप से भिजवाएं।