स्वीप गतिविधियां अब सोशल मीडिया पर
जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने किया यूट्यूब चैनल, फेसबुक, वाट्सअप एवं ब्लॉग का अवलोकन
स्वीप के व्यापक प्रचार प्रसार से ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मिलेगा सम्बलः गुप्ता
बांसवाड़ा/ लोकतंत्र को प्रगाढ़ बनाने के लिए मतदाताओं को जागरूक होकर अनिवार्य रूप से मतदान में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी और इसी से ही हमारा लोकतांत्रिक देश मजबूत बनेगा। इसके लिए हमें इस आधुनिक युग में प्रचार-प्रचार की नवीनतम तकनीकों को अमल में लाते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करनी होगी।
यह आह्वान गुरुवार मध्याह्न सूचना केन्द्र में जिला निर्वाचन अधिकारी कुंजबिहारी गुप्ता ने स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत मतदाताओं तक मतदान के संदेश को पहुंचाने के लिए पहली बार जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय ने इन्टरनेट पर यूट्यूब चैनल, ब्लॉग, फेसबुक एवं वाट्सअप पर एक साथ ही बांसवाड़ा जिले में स्वीप के संदेश को हर मतदाताओं तक पहुंचाने का अनूठा कार्य किया ।
अनूठी पहल की प्रशंसा
जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने इस अनूठी पहल के लिए जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी श्रीमती कल्पना डिंडोर एवं इस कार्य में अहम भूमिका का निर्वहन करने वाले राप्रावि. बडलिया के अध्यापक भंवर गर्ग को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया है। उनके इस कार्य से बांसवाड़ा जिले के सोशल मीडिया से जुड़े मतदाताओं को मतदान की अनिवार्यता, मतदान हमारा अधिकार एवं मतदान के लिए प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को उन तक पहुंचाया हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने इन्टरनेट पर स्वीप गतिविधियोपरक ब्लॉग (डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट एसवीईईपीबीएसडब्ल्यू डाट ब्लॉगस्र्पोट डाट इन ) पर जिले में संचालित अब तक स्वीप की विभिन्न गतिविधियों, लोक कलाकारों द्वारा मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीत व भजनों का समावेश किया है। उन्होंने ब्लॉग देखकर कहा कि यह अच्छा कार्य है किन्तु इसका दूसरा पहलु इसे नियमित अपडेट करने की आवश्यकता रहेगी जिसे समय पर पूर्ण करेंं।
यूट्यूब , फेसबुक एवं वाट्सअप पर स्वीप का संदेश
जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने अपने स्वंय के मोबाईल पर वाट्सअप व फेसबुक पर प्राप्त संदेशों को खोलकर देखा तो बरबस कह उठे वाह् क्या बात है। उन्होंने कहा कि आज युवा वर्ग के साथ ही अधिकाश लोग अपने मोबाईलों पर फेसबुक एवं वाट्सअप पर अपने संदेशों को अपने मित्रों, शुभचिंतकों तक पहुंचा रहे है और इस सोशल मीडिया के जरिये को लोकसभा आम चुनाव में मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने एवं मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए किए गए कार्य भी एक मिल का हिस्सा साबित होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने कहा कि जिला सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय अपने प्रचार प्रसार के दायित्वों के निर्वहन अग्रणी है लेकिन स्वीप गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ कर एक अनूठी पहल की है और इससे निश्चित रूप से स्वीप गतिविधियों को मदद मिलेगी।
यूं जुड़े फेसबुक पेज व यूट्यूब चैनल से
स्वीप की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर देखने के लिए फेसबुक व यूट्यूब पर जाकर स्वीप बांसवाड़ा लिखकर सर्च करने पर फेसबुक पेज व यूट्यूब चैनल खुल जाएगा तथा इस पर नवीन अपडेट देखे जा सकते है।
---000---