लोकसभा आम चुनाव 2019
जिले में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के निर्देश
बांसवाड़ा, 10 मार्च/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार शाम को लोकसभा आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है जो निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। कलक्टर ने जिले में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए हैं और समस्त संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया है कि सरकारी अथवा सार्वजनिक कोष से सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने संबंधी विज्ञापन, होर्र्डिंग्स, पोस्टर आदि नहीं लगाये जावें और यदि लगाए हुए हैं तो उनको तत्काल हटवा लिया जावें।
उन्होंने समाचार पत्रों, इलेक्ट्रोनिक मीडिया या अन्य मीडिया के माध्यम से राजकीय कोष से सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किसी भी उपलब्धि बाबत विज्ञापन एवं राजनैतिक प्रवृत्ति के समाचार प्रकाशित नहीं करने, राज्य या केन्द्र सरकार या सार्वजनिक उपक्रमों की वेबसाईट से मंत्रियों, राजनैतिक व्यक्तियों अथवा दलों के संदर्भ या फोटो को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
इसी प्रकार उन्होंने कहा है कि सरकारी या सार्वजनिक भवनों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं अन्य राजनैतिक व्यक्तियों के फोटोग्राफ्स नहीं लगावें जावें और यदि लगे हुए है तो उनको तत्काल हटा लिया जावे। कलक्टर ने राजनैतिक पदाधिकारियों, व्यक्तियों को आवंटित सरकारी वाहनों का तत्काल प्रभाव से अधिग्रहण करने तथा सांसदों एवं विधायकों के द्वारा उनके स्थानीय विकास कोष से कोई भी राशि स्वीकृत नहीं करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
---------------------
लोकसभा आम चुनाव 2019
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व प्रिंटिंग प्रेस व मीडियाकर्मियों की बैठक आज
बांसवाड़ा, 10 मार्च/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार शाम को लोकसभा आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में प्रभावी हुई आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन संबंधित अन्य प्रावधानों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए बैठकों का सिलसिला सोमवार से प्रारंभ होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने बताया कि आचार संहिता और इसके प्रावधानों की अनुपालना के उद्देश्य से जिले के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक सोमवार सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार समस्त मीडियाकर्मियों, प्रिंटिंग प्रेस मालिकों व केबल संचालकों की बैठक सोमवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में आदर्श आचार संहिता तथा संबंधितों के दायित्वों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने समस्त संबंधित प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होने का आह्वान किया है।
-----------
लोकसभा आम चुनाव 2019
कलक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर लगाया प्रतिबंध
बांसवाड़ा, 10 मार्च/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार शाम को लोकसभा आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने समस्त विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाशों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाते हुए निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना जिला कलक्टर की अनुमति के ना तो अवकाश पर रहेंगे और ना ही मुख्यालय छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि निर्देशों की अवहेलना पर संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
-------------
सेक्टर अधिकारियों को आज रिपोर्ट करने के निर्देश
बांसवाड़ा, 10 मार्च/लोकसभा आम चुनाव के तहत जिले में नियुक्त समस्त सेक्टर अधिकारियों को सोमवार को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने बताया कि समस्त सेक्टर अधिकारियों को सोमवार को ही आवश्यक रूप से संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) को रिपोर्ट करने के लिए पाबंद किया गया है ताकि क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना संबंधित कार्यवाही की जा सके।
-------------

