मतदाता अपना मतदान केन्द्र देखें

Thursday, March 28, 2019

प्रतिबंधित प्लास्टिक की प्रचार सामग्री प्रयोग नहीं करने के निर्देश


चुनाव आयोग ने ईको फ्रेण्डली प्रचार सामग्री अपनाने के दिए निर्देश
बांसवाड़ा, 26 मार्च/ निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम चुनाव 2019 के तहत प्रदेशभर में प्रतिबंधित प्लास्टिक की सामग्री के प्रयोग को रोकने और ईको फ्रेण्डली चुनाव प्रचार करने के निर्देश जारी किए हैं। 
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आशीष गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा निर्देशों के तहत जिले में भी समस्त राजनैतिक दलों व उम्मीदवारों को प्रचार सामग्री में सिंगल यूज्ड प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग नहीं करने के निर्देश प्रदान किए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार अभियान के केवल ईको फ्रेण्डली प्रचार सामग्री का ही प्रयोग किया जा सकेगा तथा किसी भी प्रकार के पीवीसी फ्लेक्स बोर्ड और अन्य प्रकार की अपघटित न हो सकने वाली प्रचार सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। 
प्रदूषण का कारक बनती है प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री:
उन्होंने बताया कि चुनाव के प्रचार अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में पोस्टर, कटआउट, होर्डिंग्स, बैनर्स आदि का प्रयोग विज्ञापन सामग्री के रूप में किया जाता है। चुनावों के बाद यह सामग्री अनुपयोगी हो जाती है। इन सिंगल यूज प्लास्टिक मटेरियल का सही निस्तारण नहीं हो पाने के कारण यह सामग्री कई बार नालियां चोक होने, नदी-नालों के प्रवाह क्षेत्र प्रभावित होने का कारण भी बनती है, वहीं मवेशियों द्वारा खा लिए जाने की स्थिति में यह उनके लिए भी हानिकारक होती है। कई बार इस प्रकार की सामग्री को खुले में ही जलाया जाता है। यह भूमि एवं जल प्रदूषण का कारण भी बनती है एवं इसका मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने भी इस संबंध मंे आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है वहीं निर्वाचन आयोग ने ईको फ्रेण्डली विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया है। उन्होंने रिसाईकल्ड फेब्रिक्स, कम्पोस्टेबल प्लास्टिक, रिसाईकल्ड पेपर आदि सामग्री को अपनाने पर जोर दिया है। 
...तो सफाई खर्च की वसूली होगी राजनैतिक दल से:
जिला कलक्टर गुप्ता ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार इस प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रयोग होने पर स्थानीय निकाय द्वारा इस प्रकार की सामग्री का निस्तारण किया जाएगा। जिसका खर्च संबंधित राजनैतिक दल अथवा उम्मीदवार से नियमानुसार वसूल किया जाएगा।
गोटियो ने भी बोला, इको फ्रेण्डली हो चुनाव प्रचार:
इधर, बांसवाड़ा जिले के चुनाव आईकन ‘गोटियो’ ने वागड़ में पाई जाने वाले विश्व के सबसे बड़े उड़ने वाले पक्षी सारस क्रेन के साथ यह अपील जारी की है कि चुनाव के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक की सामग्री का प्रयोग न करें और ईको फ्रेण्डली प्रचार करें। यह कार्टून करेक्टर कार्टूनिस्ट आशीष शर्मा ने तैयार किया है।