विधानसभा आम चुनाव में लगातार दूसरे दिन हुआ प्रशिक्षण
प्रकोष्ठों के प्रभारी व सहप्रभारियों को दिया गहन प्रशिक्षण
बांसवाड़ा-----जिला निर्वाचन अधिकारी(कलक्टर) भगवती प्रसाद ने कहा है कि विधानसभा आम चुनाव में समस्त प्रकोष्ठों में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों को समझें और निर्वाचन प्रक्रिया के संपादन में आयोग के प्रावधानों व निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।कलक्टर प्रसाद रविवार को यहां न्यू लुक सेन्ट्रल स्कूल, लोधा के सभाकक्ष में जिले में विधानसभा आम चुनाव के तहत नियुक्त समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी और सहप्रभारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने की दृष्टि से जिला प्रशासन द्वारा विविध प्रकोष्ठों का गठन करते हुए अनुभवी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं ऐसे में समस्त नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को तय समय में पूरी गंभीरता से पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को अन्य प्रकोष्ठों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य संपादन के निर्देश दिए।
उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट व उपखण्ड अधिकारी सुश्री पूजा पार्थ की मौजूदगी में उद्घाटन एवं परिचय सत्र के उपरांत इलेक्शन एक्सपन्डिचर मॉनिटरिंग के बारे में मास्टर ट्रेनर गजेन्द्र आचार्य ने, मॉडल कोड ऑफ कन्डक्ट के बारे में संजय गोयल एवं मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी के बारे में दिनेश त्रिवेदी ने जानकारी दी। इसके उपरांत सभी प्रकोष्ठ के प्रभारियों की लिखित परीक्षा भी ली गई।
प्रो-एक्टिव होकर करें कार्य:
उन्होंने समस्त प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्वाचन विभाग से निर्देशों की प्रतीक्षा किए बगैर अपने स्तर पर चैक लिस्ट बनाते हुए दायित्वों को पूर्ण करने की बात कही तथा आदर्श आचार संहिता की अनुपालना, निर्वाचन व्यय पर निगरानी व लेखों के संधारण के साथ पेड न्यूज़ के प्रकरणों में संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य कर तत्काल प्रभाव से संबंधित उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए।
इन प्रकोष्ठों के प्रभारियों को दिया प्रशिक्षण:
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए गठित उड़न दस्ता (एफ.एस.), स्थैतिक निगरानी दल (एस.एस.टी.), विडियो निगरानी दल (वी.एस.टी.), विडियो अवलोकन दल (वी.वी.टी.), लेखा दल (ए.टी), असिस्टेंट एक्सपेन्डिचर ऑब्जर्वर (ए.ई.ओ.), लीड बैंक ऑफीसर्स (एल.बी.ओ.), मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एम.सी.एम.सी.) के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियांे का प्रशिक्षण हुआ।


