विधानसभा आम चुनाव 2018
प्रिंटिंग प्रेस, केबल, मीडिया व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
निर्वाचन आयोग के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ तो होगी कार्यवाही - कलक्टर
बांसवाड़ा-----विधानसभा आम चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में प्रभावी हुई आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन संबंधित अन्य प्रावधानों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए जिले के समस्त प्रिंटिंग प्रेस मालिकों, केबल संचालकों, समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व मीडियाकर्मियों की बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित की गई।
निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शी चुनाव करवाना सबकी जिम्मेदारी - कलक्टर
बैठक को संबोधित करते हुए कलक्टर भगवती प्रसाद ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए आदर्श आचार संहिता की अनुपालना करवाते हुए निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शी चुनाव करवाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी, राजनैतिक दल, मीडियाकर्मी और संबद्ध अन्य सभी लोग खुद सजग रहे, प्रावधानों का सम्यक् अध्ययन करें तथा उसकी अनुपालना करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के प्रावधानों का यदि किसी भी स्तर पर उल्लंघन प्रतीत हुआ तो संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
प्रचार-प्रसार पर रहेगी पैनी नज़र
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि आयोग के निर्देशों की पालना में विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा किए जाने वाले प्रचार-प्रसार पर व्यय अनुवीक्षण, एमसीएमसी, आदर्श आचार संहिता व अन्य दलों की पैनी नज़र रहेगी। उन्होंने इलेक्ट्रोनिक व प्रिंट मीडिया में प्रकाशित व प्रसारित होने वाले समाचारों में पेड न्यूज़ व विज्ञापनों की मॉनिटरिंग के लिए जिला मुख्यालय पर सूचना केन्द्र में बनाए जा रहे तंत्र के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने समस्त प्रिंटिंग प्रेस मालिकों को चुनाव के पोस्टर, पेम्पलेट्स पर मुद्रक व प्रकाशक का नाम अंकित करने, घोषणापत्र लेने तथा इसकी हर तीन दिन में रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए।
वीवीपेट के लिए मतदाताओं को जागरूक करें: डॉ.भंवरलाल
बैठक में स्वीप प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं जिला परिषद सीईओ डॉ. भंवरलाल ने विधानसभा चुनावों में पहली बार वीवीपेट के प्रयोग किए जाने की जानकारी दी तथा आह्वान किया कि वीवीपेट की प्रक्रिया के साथ ही इसके संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए मतदाताओं को जागरूक करें। उन्होंने वीवीपेट के प्रयोग को पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का आधार स्तंभ बताया तथा राजनैतिक दलों को इसकी प्रक्रिया को समझने और समझाने का आह्वान किया।
आचार संहिता की अनुपालना करें: जाट
इस मौके पर आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ के प्रभारी व उप वन संरक्षक सुगनाराम जाट ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए कार्यवाही जारी है। गत दो दिनों में जिलेभर से योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी पोस्टर, हॉर्डिंग इत्यादि को हटवाया गया है। उन्होंने आचार संहिता की पालना के लिए आयोग द्वारा तैयाए किए गए ‘सी विजील’ मोबाईल एप के बारे में बताया तथा कहा कि इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधित शिकायत दर्ज कर सकता है। उन्होंने जिला मुख्यालय पर निर्वाचन विभाग के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 02962-246151 पर भी आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराए जा सकने की जानकारी दी।
दिया सघन प्रशिक्षण
बैठक दौरान जिले के समस्त प्रिंटिंग प्रेस मालिकों, केबल संचालकों, समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व मीडियाकर्मियों को संबद्ध प्रभारियों व दक्ष प्रशिक्षकों ने सघन जानकारी दी। राजनैतिक दलों के लिए व्यय लेखों व तय बाजार मूल्यों पर व्यय अनुवीक्षण दल के प्रभारी व जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव सोहनंिसंह, पेड न्यूज़ और एमसीएमसी पर जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने, आदर्श आचार संहिता पर जिला संदर्भ व्यक्ति संजय गोयल, आय-व्यय लेखा संधारण पर दिनेश त्रिवेदी व अनन्त जोशी तथा सामान्य निर्देशों पर संदर्भ व्यक्ति विमल चौबीसा ने जानकारी दी।
इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के तहत भाजपा के गोविन्द सिंह राव, कांग्रेस से नवाब खां फौजदार, जेडीयु से वालाराम पटेल, आम आदमी पार्टी से हरीश रावत बंधु, बहुजन समाज पार्टी से लक्ष्मणलाल मकवाना तथा समस्त मीडियाकर्मी, प्रिंटिंग प्रेस मालिक, केबल ऑपरेटर आदि मौजूद थे।
-------------
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने उत्सुकता से देखी वीवीपेट
हस्ताक्षर कर जताया मतदान करने का संकल्प
बांसवाड़ा---विधानसभा आम चुनाव के तहत पहली बार ईवीएम के साथ ही वीवीपेट के उपयोग किए जाने को लेकर न सिर्फ आमजन अपितु राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी बड़ी उत्सुकता है, इसका नज़ारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिखाई दिया जब बैठक में पहुंचे राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने वीवीपेट की कार्यप्रणाली को देखने के बारे में न सिर्फ जानकारी ली अपितु इसके माध्यम से मॉक पोल भी किया।
आज कलक्ट्रेट सभागार में स्वीप प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी व सीईओ डॉ. भंवरलाल तत्वावधान में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा कराए जाने के लिए चलाए जा रहे हस्ताक्षर संकल्प अभियान के तहत वीवीपेट व हस्ताक्षर बैनर का प्रदर्शन किया गया था। यहां पर जिला संदर्भ व्यक्ति अनिल स्वर्णकार ने संभागियों को जब वीवीपेट की प्रक्रिया बताई तो मौजूद राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व मीडियाकर्मियों ने दत्तचित्त होकर न सिर्फ इसकी प्रक्रिया को समझा अपितु स्वयं भी वीवीपेट के पास पहुंचे तथा अपने हाथों से मॉक पोल करते हुए मतदान भी किया। इस दौरान सभी लोगों ने निर्वाचन कार्यालय द्वारा लगाए गए बैनर पर हस्ताक्षर करते हुए मतदान करने का संकल्प भी लिया। इस मौके पर स्वीप प्रकोष्ठ के सहायक नोडल अधिकारी भूपेश पण्ड्या व दल सदस्य मौजूद थे।
------------
.....आओ और वीवीपेट से वोट करने का आनंद उठाओ
बांसवाड़ा---- विधानसभा आम चुनाव में पहली बार इवीएम के साथ वीवीपेट के प्रयोग किए जाने के कारण स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा अनूठी पहल की गई है जिसके तहत जिला परिषद तथा समस्त रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में वीवीपेट सेल स्थापित की है जहां पर कोई भी व्यक्ति आकर न सिर्फ वीवीपेट की कार्यप्रणाली देख सकता है बल्कि खुद वीवीपेट के माध्यम से पहली बार मतदान करने का आनंद भी उठा सकता है।
स्वीप प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी व जिला परिषद सीईओ डॉ. भंवरलाल ने बताया कि जनमानस में वीवीपेट के प्रति डर और शंकाओं को दूर करने के लिए यह सेल स्थापित की है। उन्होंने बताया कि कार्यालय समय में कोई भी व्यक्ति जिला परिषद व संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में आकर वीवीपेट को देखकर मॉकपोल भी कर सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि उनमें यदि वीवीपेट को जानने की उत्सुकता है तो वे प्रशासन द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं का लाभ उठावें।
------------
तीन दिन में शस्त्र जमा कराने के निर्देश
बांसवाड़ा--- विधानसभा 2018 के दौरान जिले में लाईसेंस धारकों के शस्त्र जमा कराने के मामले में विचार-विमर्श हेतु जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक जिला मजिस्ट्रेट भगवती प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के समस्त आर्म्स लाईसेंस धारकों को तीन दिवस के भीतर अपने शस्त्र संबंधित थाने में जमा कराने होंगे। किसी शस्त्र लाईसेन्सधारी को हथियार जमा कराने में कोई आपत्ति है तो अपनी परिवेदना संबंधित थानाधिकारी को प्रस्तुत करनी होगी। अति आवश्यक मामलों में चुनावों के दौरान जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी में विचार-विमर्श कर छूट प्रदान करने या नहीं करने का निर्णय लिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट हिम्मतसिंह बारहठ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्दन सिंह बारहठ, अभियोजन के सहायक निदेशक अनिल कुमार मेहता मौजूद थे।
---------














