सूचनाओं के संप्रेषण का सशक्त माध्यम बनें ब्लॉग - कलक्टर
बांसवाड़ा-----विधानसभा आम चुनाव 2018 के तहत जिला प्रशासन, मीडिया और जनसामान्य तक सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण के लिए सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में स्थापित मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा तैयार किए गए ऑनलाईन ब्लॉग का लोकार्पण गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद ने किया। आज सुबह कलेक्ट्रेट में कलक्टर ने कम्प्यूटर पर ब्लॉग के लिंक को क्लिक करते हुए विधिवत लोकार्पण किया और ब्लॉग में अब तक उपलब्ध कराई गई सामग्री की सराहना करते हुए कहा कि ब्लॉग आम जनता, मीडिया व निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के मध्य ऑनलाईन सेतु बने इस दृष्टि से अधिकाधिक सूचनाओं व मतदाता जागरूकता से संबंधित सामग्री को इस पर अपलोड किया जाए।
दुनिया के किसी भी कोने से एक क्लिक पर मिलेंगी सूचनाएं
इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने बताया कि कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में बैठकर कम्प्यूटर या अपने मोबाईल पर ब्राउज़र में ‘इलेक्टशन डेश बांसवाड़ा डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम’ टाईप कर इस ब्लॉेग को देख सकता है। उन्होंने बताया कि इसमें राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत बांसवाड़ा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के वर्ष 1951 से लेकर अब तक के परिणामों को भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस ब्लॉग को मीडिया प्रकोष्ठ की टीम के भंवरलाल गर्ग तथा राजेन्द्रकुमार जैन द्वारा अपडेट किया जा रहा है।
अप-टू-डेट सूचना का संग्रह होगा ब्लॉग
उपनिदेशक शर्मा ने कलक्टर को अवगत कराया कि यह ब्लॉग विधानसभा चुनाव से संबंधित अप-टू-डेट सूचनाओं का संग्रह होगा और इसमें चुनाव संबंधित समस्त नियंत्रण कक्षों के नंबर, राजनैतिक दलों को विज्ञापन अनुमोदन के लिए अपेक्षित प्रपत्रों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार से ब्लॉग में चुनाव दौरान पंपलेटों, पोस्टरों इत्यादि के मुद्रण पर नियंत्रण के संबंध में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127-क के प्रावधानों के अनुसार मुद्रक व प्रकाशक की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले परिशिष्ट ‘क’ व ‘ख’ के साथ मतदाता जागरूकता से संबंधित तैयार की जा रही सभी प्रकार की सामग्री को भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
--
---






