मतदाता अपना मतदान केन्द्र देखें

Thursday, October 04, 2018

लगातार चौथे सप्ताह भी बांसवाड़ा में हुआ ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम


लगातार चौथे सप्ताह भी बांसवाड़ा में हुआ ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम 
गांव, ढाणियों में लेपटॉप, टेबलेट और मोबाईल से बताई वीवीपेट से मतदान प्रक्रिया
बांसवाड़ा - - - आदिवासी अंचल में मतदाताओं को जागरूक कर अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित करने व नैतिक मतदान का संदेश प्रतिध्वनित करने की मंशा से बांसवाड़ा जिले में लगातार चौथे सप्ताह बुधवार को जिलेभर में ’जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम के तहत बैठकें आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) भगवती प्रसाद की पहल पर नवाचार के रूप में जिले की 346 ग्राम पंचायतों में हुई बैठकों में आज गांव-ढाणियों तक स्मार्ट फोन, टेबलेट और लेपटॉप के जरिये मतदान करने की प्रणाली को दिखाया व समझाया गया। ग्रामीणों ने भी मोबाईल फोन व लेपटॉप पर वोट करने की नई मशीन को जानने में उत्साह दिखाया और स्वयं भी प्रश्न पूछते हुए इसकी कार्यप्रणाली को समझा। 
मोबाईल, टेबलेट और लेपटॉप पर फिल्म देखकर हुए उत्साहित: 
जिला प्रशासन ने ‘जन के साथ, मत की बात’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन ने प्र्रत्येक बुधवार आयोजित होने वाली अलख व पुकार कार्यक्रम की बैठकों के साथ इस नवाचार को जोड़ा जहां आज विभागीय कर्मचारी निर्वाचन विभाग के दूत की भूमिका में नज़र आए। इन कर्मचारियों ने बैठक स्थलों पर पहुंच कर लेपटॉप तथा अपने जेब में मौजूद स्मार्ट फोन/टेबलेट के माध्यम से ईवीएम और वीवीपेट की कार्यप्रणाली के बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई फिल्म को बताया गया। 
वोट नाकोगा तो पावती देकाएगा: जिला शिक्षा अधिकारी 
जिले की मलवासा ग्राम पंचायत के शंकरपुरा गांव की बंजारा बस्ती में आयोजित बैठक में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मलवासा प्रथम की ओर से लेपटॉप व टेबलेट के माध्यम से फिल्म का प्रदर्शन किया गया। यहां पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेन्द्रप्रसाद द्विवेदी ने वागड़ी संवादों में वीवीपेट की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा ‘ आणी वगत वोट नाकवा हारू ईवीएम मशीन ने हाते एक नवी मशीन आवी है, ऐनो नाम वीवीपेट है, ईवीएम में तमे वोट नाकोगा तो आणी मशीन में तमने तमारा वोट की पावती देकाएगा।’’ अर्थात इस बार मतदान के लिए ईवीएम के साथ एक नई मशीन साथ में आई है, जिसका नाम वीवीपेट है। तुम ईवीएम में मतदान करोगे तो इस मशीन में तुम्हें तुम्हारे वोट की रसीद दिखाई देगी। 
इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य पूर्वा पण्ड्या ने ग्रामीणों को संबोधित किया और कुपोषण के बारे में जानकारी देने के साथ मतदाता जागरूकता की बात भी की गई। उन्होंने लोगों को एक-एक वोट का महत्व बताया गया तथा बिना भय या प्रलोभन के मतदान करने की जरूरत के बारे में बताया। इस मौके पर वार्ड पंच लक्ष्मण बामनिया, रवीेन्द्र शर्मा, लक्ष्मीलाल शर्मा, प्रकाश चौहान, सुभाष बामनिया, कालूराम बामनिया, हरलाल चंदेल, हलिया भाई, रमेश बामनिया, मोहनलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिक्षक मौजूद थे। 
उत्साहित दिखी मातृशक्ति: 
इस बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने टेबलेट हाथ में लेकर मतदान व वीवीपेट की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। बंजारा बस्ती की धापू देवी ने तो टेबलेट हाथ में लेकर इस फिल्म को दो बार देखा और बड़े उत्साह के साथ नई मशीन वीवीपेट के बारे में पड़ौसी महिलाओं को भी दिखाया। शिक्षा विभागीय कार्मिकों ने टेबलेट के माध्यम से घर-घर पहुंच कर भी इस फिल्म को दिखाया और मतदान करने की अपील की। 
करीब 20 हजार लोगों तक पहुंचा संदेश:
कलक्टर ने बताया कि कम साक्षरता दर वाले बांसवाड़ा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्वाचन विभाग की बात पहुंचाने की चुनौती को पार पाने के लिए अब इस कारगर उपाय पर काम किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दूसरे चरण में दुर्गम स्थानों पर रहने वाले या कम पढ़े लिखे लोग अपने विवेक से मतदान की प्रक्रिया में शामिल हो, इस लक्ष्य को इन बैठकों के माध्यम से पूरा किया गया। इस बैठक में करीब 20 हजार लोगों तक यह संदेश पहुंचा है और निर्वाचन आयोग की मंशाओं को पूर्ण करने की दृष्टि से अभियान रूप में यह क्रम हर सप्ताह जारी रहेगा।