मतदाता जागरूकता के लिए जनतंत्र एक्सप्रेस रवाना
कलेक्टर गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
बांसवाड़ा। स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले भर में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 1 अप्रेल को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के डूंगरपुर इकाई द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी बांसवाड़ा के तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट से क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय द्वारा तैयार की गई जनतंत्र जागरूकता एक्सप्रेस को जिला निर्वाचन अधिकारी कुंजबिहारी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण अंचल की ओर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय द्वारा तैयार की गई जनतंत्र जागरूकता एक्सप्रेस, ऑडियो-विडियो सिस्टम से परिपूर्ण है। ये जनतंत्र एक्सप्रेस पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनवों में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में जाकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर शत प्रतिशत मतदान करते हेतु प्रेरित करेगी।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डूंगरपुर-बांसवाड़ा एस.एल. सालवी ने बताया कि विभिन्न गांवों में जाकर फिल्म शो, मौखिक संदेश, संगोष्ठियां, रैली, फोटो प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता के माध्यम से प्रचार-प्रसारकर आमजन को मतदान दिवस पर शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील करेगी।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक अनिल टांक, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी रामनाथ चाहिल, उपजिला निर्वाचन अधिकारी नारायण सिंह शेखावत, स्वीप जिला नोडल अधिकारी मोहकम सिंह, जिला जत्था प्रभारी सतीश आचार्य सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
---000---
